रामगढ़, झारखंड : छावनी परिषद रामगढ़ की बैठक शनिवार 28 फरवरी 2026 को परिषद सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष सह स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने की, जबकि बैठक का संचालन परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी अनंत आकाश द्वारा किया गया।
बैठक में पूर्व निर्धारित कुल 11 एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श करते हुए उन्हें पारित किया गया। परिषद द्वारा जनवरी माह के आय-व्यय के लेखा-जोखा को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में नये एवं पुराने बस स्टैंड परिसर में स्थित कुल सात दुकानों के आवंटन को स्वीकृति दी गई। साथ ही नये एवं पुराने बस स्टैंड में पूर्व से आवंटित चार दुकानों के संचालकों के नाम परिवर्तन को भी परिषद की मंजूरी मिली।
इसके अलावा भवन निर्माण से संबंधित 24 नक्शों को विचार-विमर्श के बाद स्वीकृत किया गया। बैठक में वार्ड संख्या पांच, छह, सात एवं आठ में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक पथ निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को भी मंजूरी प्रदान की गई।
बैठक के दौरान सहयोग के लिए छावनी परिषद के विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।