रामगढ़, झारखंड :रामगढ़ में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने अपने कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मांडू (कुजू) थाना क्षेत्र से जुड़े दानी यादव हत्याकांड एवं लूट मामले का खुलासा करते हुए पूरी जानकारी दी।एसपी अजय कुमार ने बताया कि यह मामला मांडू (कुजू) थाना कांड संख्या–128/2025 से संबंधित है, जिसमें दानी यादव की हत्या कर उनके चक्की मिल सह आवास से नकद रुपये की चोरी की गई थी। इस कांड में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अब कांड में संलिप्त एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम द्वारा आरोपी अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक पासवान (उम्र लगभग 20 वर्ष) को उसके निवास स्थान कोषमाड़ू टोला, कुजू, थाना–मांडू (कुजू), जिला–रामगढ़, झारखंड से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने दानी यादव की हत्या एवं लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान एवं निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल तथा 7.65 एमएम की चार जिंदा गोलियां भी बरामद की हैं।
एसपी अजय कुमार ने बताया कि इस कांड में अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध मांडू (कुजू) थाना में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस पूरे अभियान का नेतृत्व रामगढ़ पुलिस के वरीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित एसआईटी द्वारा किया गया, जिसमें कुजू ओपी की टीम एवं सशस्त्र बल शामिल थे।
छापामारी टीम में शामिल पदाधिकारी / कर्मी :
आशुतोष कुमार सिंह, ओपी प्रभारी, कुजू, रामगढ़, झारखंड
पु०अ०नि० अभिनव कुमार, कुजू ओपी, रामगढ़, झारखंड
पु०अ०नि० अरविंद कुमार सिंह, कुजू ओपी, रामगढ़, झारखंड
पु०अ०नि० आशीष कुमार गौतम, कुजू ओपी, रामगढ़, झारखंड
पु०अ०नि० रोशन कुमार, कुजू ओपी, रामगढ़, झारखंड
सशस्त्र बल, कुजू ओपी, रामगढ़, झारखंड
इन्हीं अधिकारियों एवं पुलिस बल की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी एवं हथियारों की बरामदगी की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसपी अजय कुमार ने कहा कि रामगढ़, झारखंड पुलिस जिले में संगठित अपराध एवं गंभीर मामलों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखेगी और फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।