रामगढ, झारखंड : डाक विभाग द्वारा जिले में जनजागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को विभिन्न डाक योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को विपणन कार्यकारी रविशंकर राय ने डाक अधीक्षक हजारीबाग निरंजन कुमार, सहायक डाक अधीक्षक रामगढ ब्रजेश कुमार पासवान तथा डाक निरीक्षक आशीष कुमार पांडे के निर्देश पर जिले के कई विद्यालयों का दौरा किया।
इस दौरान रविशंकर राय ने विद्यालयों में डाक विभाग का वार्षिक कैलेंडर और गंगाजल वितरित करते हुए विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य डाक विभाग की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है, ताकि जिले के नागरिक इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
अभियान के दौरान कई लोगों ने डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, सुकन्या समृद्धि खाता, बचत खाता, आवर्ती जमा खाता तथा सार्वजनिक भविष्य निधि खाता खुलवाया।
इसी क्रम में अपने सहकर्मी आदर्श अनिकेत के साथ उन्होंने छावनी बालिका मध्य विद्यालय पहुंचकर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानाचार्य को डाक विभाग की ओर से वार्षिक कैलेंडर और गंगाजल भेंट किया गया।
साथ ही विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के लिए मूल बचत खाता खोलने के लिए आवेदन प्रपत्र भी उपलब्ध कराए गए, ताकि छात्राएं छोटी उम्र से ही बचत की आदत विकसित कर सकें और भविष्य में डाक विभाग की योजनाओं का लाभ उठा सकें।