कुजू के कोरिया घाटी में दो वाहनों की टक्कर, चालक जयकांत कुमार की मौत

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड :  रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र अंतर्गत नयामोड़ कोरिया घाटी में शुक्रवार देर रात दो वाहनों की जोरदार टक्कर में एक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुसाध मुहल्ला, रामगढ़ निवासी 44 वर्षीय जयकांत कुमार (पिता– छोटेलाल राम) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे हुई। जयकांत कुमार हजारीबाग से माल खाली कर वाहन संख्या JH02BKW-2361 से रामगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान कुजू के कोरिया घाटी के पास पीछे से आ रहे दूध लदे वाहन संख्या JH02BP-8839 ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन चालक जयकांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर कुजू ओपी ले आई है।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं इस हादसे से मृतक के परिजनों में शोक की लहर है।