हजारीबाग (झारखंड) :  रामनवमी से पहले तरंग ग्रुप का अभियान, नशामुक्त और मर्यादित उत्सव का दिया संदेश

Spread the love

हजारीबाग (झारखंड) : रामनवमी पर्व को लेकर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इस बीच तरंग ग्रुप हजारीबाग ने एक सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए नशामुक्त और मर्यादित रामनवमी मनाने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है।

यह अभियान 19 मार्च से शुरू किया गया, जिसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कलाकारों की टोली ने गीत और नारों के माध्यम से संदेश दिया कि नशा और फूहड़ता से दूर रहकर ही पर्व की गरिमा बनाए रखी जा सकती है।

ग्रुप के निर्देशक अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों, खासकर युवाओं को यह समझाना है कि रामनवमी केवल उत्सव नहीं, बल्कि मर्यादा, संयम और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित माहौल में निकाला गया जुलूस ही भगवान राम के आदर्शों के अनुरूप होता है।

नुक्कड़ नाटक के जरिए यह भी दिखाया गया कि किस तरह नशा और अश्लीलता त्योहारों की गरिमा को प्रभावित करते हैं और समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। वहीं, आपसी भाईचारे, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

अभियान के दौरान सलीम खान, मनोज कुमार, अमिताभ श्रीवास्तव, अमित कुशवाहा, दीपक झा, अगस्त्य कुमार, महेश कुमार, शिवानी प्रिया, अनीता कुमारी और माधुरी सहित कई कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय कर सामाजिक संदेश दिया।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। तरंग ग्रुप का यह अभियान न केवल रामनवमी के महत्व को सही दिशा में प्रस्तुत करता है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी सशक्त संदेश देता है।