रांची (झारखंड) : संतोष गंगवार ने राजभवन में आयोजित एक गरिमामयी कार्यक्रम में डॉ. यदुनाथ पांडेय द्वारा लिखित पुस्तक का विमोचन किया। डॉ. पांडेय झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और हजारीबाग के पहले भाजपा सांसद रह चुके हैं।
लोकार्पित पुस्तक “छोटानागपुर और संथाल परगना में जनजातीय आंदोलन, सुधार और संघर्ष : एक मानवशास्त्रीय अध्ययन” ( “Tribal Movements, Reforms and Conflicts in Chotanagpur and Santhal Pargana: An Anthropological Appraisal” ) झारखंड की जनजातीय विरासत, सामाजिक बदलाव और ऐतिहासिक संघर्षों पर आधारित है। इस पुस्तक में लेखक ने अपने लंबे अकादमिक अनुभव और सामाजिक अध्ययन को समाहित किया है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पांडेय ने कहा कि निरंतर अध्ययन और अर्जित ज्ञान को समाज के साथ साझा करना ही जीवन की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने इसे राष्ट्र सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए बौद्धिक योगदान को समाज के उत्थान के लिए आवश्यक बताया।
इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य सहित राज्य के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा, जहां पुस्तक के विषय और उसके महत्व पर भी चर्चा की गई।