जमशेदपुर (झारखंड) :एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक मरीज ने चौथी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है और वह परसुडीह थाना क्षेत्र का रहने वाला था।
जानकारी के अनुसार, मरीज को 15 मार्च को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। स्थिति में सुधार होने पर उसे अगले दिन मेडिकल वार्ड (चौथी मंजिल) में शिफ्ट किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह अचानक बेड से उठा और शौचालय जाने की बात कहकर बाहर निकला। इसी दौरान उसने वार्ड के पास स्थित खिड़की से छलांग लगा दी। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्टाफ तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के मुताबिक, मरीज लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में रहता था। डॉक्टरों की प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह एचआईवी और टीबी जैसी बीमारियों से भी पीड़ित था।
अस्पताल प्रबंधन को सूचना मिलते ही अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना से पहले भी मरीज ने वार्ड की खिड़की से कूदने का प्रयास किया था, लेकिन अन्य मरीजों ने उसे रोक लिया था। कुछ देर बाद वह दोबारा बाहर गया और इस बार वारदात को अंजाम दे दिया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में इसी अस्पताल में इस तरह की यह दूसरी घटना है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।