रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने शहर के प्रमुख बैंकों को पत्र लिखकर बाजार में सिक्कों (खुले पैसों) की बढ़ती कमी पर गहरी चिंता जताई है। चैंबर के मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी उर्फ मानू चतुर्वेदी ने इस समस्या के समाधान के लिए बैंकों से ऐच्छिक सिक्का विनिमय सुविधा शुरू करने का आग्रह किया है।
चैंबर की ओर से कहा गया है कि ₹5, ₹10 और ₹20 के सिक्कों की कमी के कारण छोटे व्यापारियों और आम ग्राहकों को दैनिक लेन-देन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखते हुए सुझाव दिया गया है कि बैंकों में ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जहां इच्छुक व्यापारी और ग्राहक बड़े नोटों को आसानी से सिक्कों में बदलवा सकें।
साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के लिए सिक्कों में भुगतान लेना अनिवार्य नहीं किया जाना चाहिए।
चैंबर ने बैंकों से इस दिशा में शीघ्र पहल करने की अपेक्षा जताई है, ताकि बाजार में लेन-देन की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रह सके और व्यापारियों को राहत मिल सके।