नवादा (बिहार) : बिहार के नवादा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जदयू विधायक विभा देवी के छोटे बेटे अखिलेश कुमार यादव की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश कुमार यादव गुरुवार को देर शाम अपने गांव पथरा इंग्लिश में घर के पास ही वाहन चला रहे थे। इसी दौरान अचानक गाड़ी अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
अखिलेश यादव पूर्व मंत्री राजबल्लभ यादव के पुत्र थे। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि उनका पार्थिव शरीर पटना से नवादा लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस दुखद घटना के बाद नवादा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और स्थानीय लोग परिवार को सांत्वना देने उनके आवास पहुंच रहे हैं।