रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ सदर अंचल में कार्यरत अंचल अधिकारी रमेश रविदास पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। इस संबंध में कमल नाथ महतो, डिमाचरण महती और उमाचरण महतो ने संयुक्त रूप से उपायुक्त, रामगढ़ को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि अंचल अधिकारी द्वारा नामांतरण (दाखिल-खारिज) से जुड़े कई मामलों में रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार, नामांतरण वाद संख्या 529, 590, 757, 852 एवं 853 (सत्र 2024-25) में अंचल अधिकारी द्वारा अलग-अलग मामलों में लाखों रुपये की मांग की गई। आरोप है कि बिना रिश्वत दिए किसी भी फाइल पर कार्रवाई नहीं की जाती और फाइलों को जानबूझकर लंबित रखा जाता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि भूमि सुधार उपसमाहर्ता न्यायालय द्वारा पुनः जांच कर आदेश पारित करने के निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित मामलों का निष्पादन नहीं किया जा रहा है। साथ ही, सीएनटी एक्ट 1908 की विभिन्न धाराओं का उल्लंघन करते हुए मनमाने तरीके से नामांतरण किया जा रहा है।
आवेदन में कुछ मामलों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि बकास्त एवं सीएनटी भूमि का अवैध रूप से दाखिल-खारिज कर नियमों की अनदेखी की गई है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि रिश्वत नहीं देने पर फाइलों में तकनीकी त्रुटियों का हवाला देकर आवेदन खारिज कर दिया जाता है।
तीनों शिकायतकर्ताओं ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अंचल अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।