रामगढ़ में ईद-उल-फित्र की नमाज अकीदत के साथ अदा, अमन-चैन की दुआ की गयी 

Spread the love
मसजिद के आगे लगी नमाजियों की भीड़

 रामगढ़, झारखंड : ईद-उल-फित्र के मौके पर शनिवार को रामगढ़ शहर समेत पूरे जिले में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदत के साथ नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश भारत सहित पूरी दुनिया में सुख, समृद्धि और शांति की कामना की।

नमाज के बाद गले मिलते युवक

सुबह से ही मुस्लिम समाज के लोग तय समय पर मस्जिदों और ईदगाहों में जुटने लगे थे। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर जरूरतमंदों के बीच दान भी किया गया, जो ईद की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

गले मिलते बच्चे

मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास मेले जैसा माहौल देखने को मिला। यहां खाने-पीने की दुकानों समेत कई अस्थायी दुकानें लगाई गई थीं। नमाज के बाद आने वाले लोगों के लिए भोजन और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

रामगढ़ शहर के प्रमुख स्थलों—मस्जिद क़ुबा (सर सैयद कॉलोनी, नईसराय), मदीना मस्जिद (नईसराय), मस्जिद अकसा (रौशन नगर), ईदगाह (नईसराय), जामा मस्जिद (गोलपार), इकरा मस्जिद (करबला मोहल्ला), कादरी मस्जिद (दुसाध मोहल्ला), जामा मस्जिद (सौदागर मोहल्ला), इब्राहीम मस्जिद (बस स्टैंड) और नूरी मस्जिद (कांकेबार) में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की।

ईद-उल-फित्र को लेकर बाजारों में भी विशेष रौनक देखी गई, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की और त्योहार को उत्साहपूर्वक मनाया।