अवैध मवेशी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई : 280 मवेशी जब्त, 16 हिरासत में

Spread the love

सिमडेगा, jharkhand : जिले के बोलबा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 280 मवेशियों को जब्त किया है। इस दौरान तस्करी में शामिल 16 लोगों को हिरासत में लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुंदरगढ़ से बड़े पैमाने पर अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही थी। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों को मिली, जिन्होंने सतर्कता दिखाते हुए पैदल मवेशियों को ले जा रहे लोगों को रोक लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी श्रीकांत एस खोटरे के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय रणवीर सिंह के नेतृत्व में बोलबा थाना पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 280 मवेशियों को कब्जे में लिया और 16 लोगों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।