रामगढ़ (झारखंड) : सिद्धू-कान्हु मैदान में जिला कृषि कार्यालय (हजारीबाग/रामगढ़) एवं आत्मा कार्यालय, रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्कीमुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग द्वारा वर्तमान में 80 से अधिक जन-कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे जागरूक होकर इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रामगढ़ विधायक ममता देवी ने क्षेत्र की कृषि समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने गोला प्रखंड के हाट बाजार की समस्या और शहरी क्षेत्र के किसानों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने की बात मंत्री के समक्ष रखी।
मेले के दौरान प्रगतिशील किसानों को उत्कृष्ट फसल और उत्पाद के लिए सम्मानित किया गया तथा पात्र लाभार्थियों के बीच कृषि से जुड़ी परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आधुनिक खेती तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी किसानों को दी गई।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 1000 से अधिक किसानों ने भाग लिया। साथ ही जिला कृषि पदाधिकारी, आत्मा के उप परियोजना निदेशक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम, एटीएम और अन्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में विभागीय समन्वय और किसानों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए ऐसे आयोजनों को किसानों के लिए उपयोगी बताया।