रामगढ़, झारखंड : महापर्व चैती छठ के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर के छठ घाटों पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
शहर के दामोदर नदी घाट रामगढ़ तथा बिजुलिया तालाब घाट पर विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। छठव्रतियों के साथ बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु भी घाटों पर पहुंचे और सूप के माध्यम से अर्घ्य अर्पित किया।
दोपहर करीब तीन बजे से ही छठी मईया के मधुर गीतों के बीच व्रतियों का घाटों की ओर जाना शुरू हो गया था। व्रतियों ने जल में खड़े होकर अस्त होते सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
रामगढ़ शहर में दामोदर नदी घाट, बिजुलिया तालाब घाट, जारा टोला बांध समेत आसपास के विभिन्न तालाबों में बनाए गए घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। महापर्व को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा घाटों की साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।
अब बुधवार को प्रातःकाल उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जिसके साथ ही चार दिवसीय महापर्व चैती छठ का समापन हो जाएगा।