रामगढ़ जिला के कुजू में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के कोरिया घाटी में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान 54 वर्षीय भीम चौहान के रूप में हुई है, जो वेस्ट बोकारो ओपी क्षेत्र के केदला स्थित कलाली मोड़ के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पंज लदा एक हाइवा कुजू रेलवे साइडिंग से रामगढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोरिया घाटी में सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार हाइवा के नीचे फंस गया और करीब 40 फीट तक घसीटता चला गया।

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह हाइवा को रुकवाया और घायल को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने बाद में सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है, जबकि मौका पाकर हाइवा चालक फरार हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।