कोल इंडिया के रिटायर्ड अधिकारियों को राहत, अब प्राथमिकता पर मिलेंगे पीवीसी हेल्थ कार्ड

Spread the love

रांची / कोलकाता  : कोल इंडिया लिमिटेड के सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लंबित कंट्रीब्यूटरी पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकेयर स्कीम फॉर एग्जीक्यूटिव (CPRMS-E) के तहत फिजिकल पीवीसी हेल्थ कार्ड अब प्राथमिकता के आधार पर जारी किए जाएंगे।

इस संबंध में कोल इंडिया प्रबंधन और सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच हाल ही में एक अहम बैठक हुई। बैठक में रिटायर्ड अधिकारियों ने पीवीसी कार्ड नहीं मिलने की समस्या को प्रमुखता से उठाया, जिसके बाद इस दिशा में त्वरित कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

कोल इंडिया मुख्यालय के कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) गौतम बनर्जी द्वारा जारी निर्देश में जनरल मैनेजर (सेल) को आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। इसके तहत एक निर्धारित फॉर्मेट तैयार किया गया है, जिसे कंपनी की सभी सहायक इकाइयों—सीसीएल, एमसीएल, एनसीएल, एसईसीएल, बीसीसीएल और डब्ल्यूसीएल—के एचआर निदेशकों को भेजा जाएगा।

यह पीवीसी कार्ड सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसके माध्यम से उन्हें इलाज के दौरान कैशलेस सुविधा या मेडिकल बिलों के भुगतान में आसानी मिलती है। कई अस्पतालों में अभी भी फिजिकल कार्ड की अनिवार्यता के कारण बुजुर्ग पेंशनभोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

अब प्राथमिकता के आधार पर कार्ड जारी होने से हजारों सेवानिवृत्त अधिकारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।