रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार ने आज जिले के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर, रजरप्पा का दौरा कर प्रस्तावित रजरप्पा मंदिर परिसर पुनर्विकास योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक करते अधिकारी
प्रशासनिक भवन में हुई अहम बैठक
निरीक्षण की शुरुआत मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में बैठक के साथ हुई, जिसमें उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज समेत जिला स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में मंदिर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत संरचना के विकास, बजट आकलन और चरणबद्ध कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहतर आवागमन, कतार प्रबंधन और अन्य नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया गया।
स्थल निरीक्षण के दौरान दिए निर्देश
बैठक के बाद सचिव ने पूरे मंदिर परिसर का निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्य स्थलों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों के दौरान मंदिर की धार्मिक गरिमा और प्राकृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं तथा पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाए।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
इस पुनर्विकास योजना का उद्देश्य रजरप्पा को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान जेटीडीसी के प्रबंध निदेशक, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।