रामगढ़ (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) के एचएएसपी यूनिट परिसर में शुक्रवार को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के नेत्र स्वास्थ्य की जांच करना और उन्हें समय पर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना था।
शिविर में रांची के इरबा स्थित थर्ड आई क्लिनिक के अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संकल्प परमार (एमबीबीएस) के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने भाग लिया। उनके साथ ऑप्टोमेट्रिस्ट सुश्री नेहा कल्पना एवं उनकी टीम ने आधुनिक उपकरणों के माध्यम से कर्मचारियों की आंखों की विस्तृत जांच की।
सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और इसका लाभ उठाया। खासतौर पर 45 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के कर्मचारियों को हर छह महीने में नियमित नेत्र जांच कराने के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि नियमित नेत्र जांच से आंखों से संबंधित समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे उचित उपचार संभव होता है और दृष्टि को सुरक्षित रखा जा सकता है।
बीएफसीएल प्रबंधन ने शिविर की सफलता में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।