रामगढ़ (झारखंड) में ट्रांसजेंडर समुदाय को मिला सशक्तिकरण का संबल, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण के बाद 14 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त के निर्देश पर ट्रांसजेंडर समुदाय के सशक्तिकरण हेतु 16 फरवरी से 2 मार्च 2026 तक संचालित ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल समापन के बाद शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रमाण-पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामगढ़ की विधायक ममता देवी, उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल एवं अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान सभी वक्ताओं ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया।

विधायक ममता देवी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाने वाले प्रतिभागियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उपायुक्त फैज़ अक अहमद मुमताज़ ने कहा कि जिला प्रशासन वंचित एवं उपेक्षित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ट्रांसजेंडर समुदाय को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। वहीं, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें अपने कौशल का उपयोग कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में ब्यूटीशियन प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले ट्रांसजेंडर समुदाय के कुल 14 प्रतिभागियों के बीच प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिला।