झारखंड में 15 IAS अधिकारियों को प्रोन्नति, संयुक्त सचिव से बने अपर सचिव

Spread the love

रांची, झारखंड: राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए 15 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों को संयुक्त सचिव से अपर सचिव के पद पर प्रोन्नति दी है। यह प्रोन्नति कनीय प्रशासनिक कोटि (लेवल-12, पे मैट्रिक्स 78,800–2,09,200) में 10 मार्च से प्रभावी मानी जाएगी।

कार्मिक, प्रशासनिक सुधार विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रोन्नत अधिकारियों को अगले दो वर्षों के भीतर एमसीटी फेज-थ्री का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से पूरा करना होगा। प्रोन्नति के बाद भी अधिकारी अपने वर्तमान पदों पर अपर सचिव के रूप में कार्य करते हुए प्रोन्नत वेतनमान का लाभ प्राप्त करेंगे।

गौरतलब है कि इन अधिकारियों को हाल ही में झारखंड प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत किया गया था।

इन अधिकारियों को मिली प्रोन्नति :

दिलेश्वर महतो (डीडीसी, गुमला), इश्तियाक अहमद (संयुक्त सचिव, कार्मिक विभाग), विद्यानंद शर्मा पंकज (संयुक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग), संगीता लाल (संयुक्त सचिव, परिवहन विभाग), रोबिन टोप्पो (संयुक्त सचिव, श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग), नयन तारा केरकेट्टा (निदेशक प्रशासन, कृषि विभाग), अरुण कुमार सिंह (संयुक्त सचिव, ग्रामीण विकास), आलोक शिकारी कच्छप (परियोजना निदेशक, आईटीडीए खूंटी), अनिलसन लकड़ा (संयुक्त सचिव, योजना एवं विकास), नागेंद्र पासवान (डीडीसी, पूर्वी सिंहभूम), आसिफ एकराम (संयुक्त सचिव, मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग एवं निदेशक, संस्कृति), नीरज कुमार सिंह (संयुक्त सचिव, उद्योग विभाग), जुल्फिकार अली (संयुक्त सचिव, नगर विकास), अर्चना मेहता (संयुक्त सचिव, राज्यपाल सचिवालय) सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं।

सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।