रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में रखवाले की हत्या, सीसीटीवी में नकाबपोश संदिग्ध कैद

Spread the love
सीसीटीवी में कैद नकाबपोश

 रांची (झारखंड) : राजधानी रांची स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में तैनात एक रखवाले की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मंदिर परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और जांच तेज कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक लंबे समय से मंदिर के गर्भगृह की सुरक्षा में तैनात था। सुबह उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने के बाद हड़कंप मच गया। घटना स्थल पर दानपेटी भी खुली हुई पाई गई, जिससे लूट की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।

इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग की है।

जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक नकाबपोश संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है। पुलिस इस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं—लूट, व्यक्तिगत दुश्मनी या अन्य कारणों—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।