रामगढ़, झारखंड : भुरकुंडा-पतरातू मार्ग संख्या-39 पर भुरकुण्डा और पतरातू के बीच निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के चालू होने तक यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने 28 अप्रैल 2026 से इस मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है।
यह निर्णय ईस्ट सेंट्रल रेलवे, बरकाकाना एवं अंचल अधिकारी, पतरातू से प्राप्त अनुरोध के आधार पर लिया गया है। इसके तहत भुरकुण्डा बाजार से खैरामांझी द्वार तक भारी वाहनों (मालवाहक गाड़ी, ट्रक आदि) का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा, जब तक कि नया रेलवे ओवरब्रिज चालू नहीं हो जाता।
नए रूट इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं :
रामगढ़ से आने-जाने वाले भारी वाहन अब भुरकुण्डा बाजार की जगह मतकमा चौक के रास्ते ही आवागमन करेंगे।
रांची से पतरातू डैम, मतकमा चौक होते हुए भुरकुण्डा बाजार तक तथा वापस उसी मार्ग से रांची की ओर आवागमन किया जाएगा।
रांची और रामगढ़ से आने वाले भारी वाहन पतरातू डैम होते हुए खैरामांझी द्वार से हिन्देगीरी की ओर जाएंगे, जबकि हिन्देगीरी से आने वाले वाहन खैरामांझी द्वार से पतरातू डैम की ओर संचालित होंगे।
प्रशासन ने इस बदलाव को यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से लागू किया है तथा लोगों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।