रामगढ़, झारखंड : जिले में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) के तहत संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा को लेकर सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि एवं कार्यपालक अभियंता शामिल हुए।
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सभी कार्यकारी एजेंसियों को एक मानकीकृत फॉर्मेट भी उपलब्ध कराया गया है, जिसमें योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी शामिल होगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग तीन दिनों के भीतर निर्धारित फॉर्मेट में योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से सभी विकास कार्यों की समेकित जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी, जिससे निगरानी और समीक्षा प्रक्रिया अधिक सुदृढ़ बनेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर ही योजनाओं का मूल्यांकन किया जाएगा और भविष्य में उन्हीं विभागों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका कार्य निष्पादन संतोषजनक और गुणवत्तापूर्ण होगा।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को विकास कार्यों का अधिकतम लाभ मिल सके।