रामगढ (झारखंड) : रामगढ़ से एक बड़ी साइबर अपराध की खबर सामने आई है, जहां रामगढ़ साइबर अपराध थाना ने कार्रवाई करते हुए 4 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की I4C परियोजना के तहत संचालित पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि State Bank of India के एक खाते में संदिग्ध लेन-देन हो रहा है। जांच में पता चला कि यह खाता MSME योजना के तहत “गणेश इंटरप्राइजेज” के नाम से खुलवाया गया था और इसके जरिए देशभर में साइबर ठगी की जा रही थी।
देशभर में 274 शिकायतें
इस खाते से जुड़े साइबर ठगी मामलों की कुल 274 शिकायतें विभिन्न राज्यों से दर्ज पाई गईं, जिनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु समेत कई राज्य शामिल हैं। 
ऐसे चल रहा था ठगी का नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों से खाते खुलवाकर, ओटीपी और मोबाइल बैंकिंग की जानकारी लेकर उन्हें व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें पैसे दिए जाते थे। 
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं:
•राहुल गुप्ता
•रवि कुमार वर्मा
•रितेश अग्रवाल उर्फ मुन्ना
•सोनू कुमार झा
बरामदगी
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से :
•6 मोबाइल फोन
•11 सिम कार्ड
बरामद किए हैं।
मामला दर्ज
इस मामले में आईटी एक्ट और बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।