रामगढ़ (झारखंड) : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET 2026 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर रविवार को रामगढ़ जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में उपायुक्त ऋतुराज ने एसपी मुकेश कुमार लुणायत के साथ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्रीय विद्यालय रामगढ सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन और गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सजग और सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखने को कहा।
इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्तासहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।