जलापूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आयोजित शिविरों का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : राज्य सरकार के निर्देशानुसार गर्मी के मौसम में आमजनों को सुचारू एवं निर्बाध जलापूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला प्रशासन द्वारा 02 मई 2026 से 15 मई 2026 तक विशेष पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज  ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित विशेष शिविरों का औचक निरीक्षण किया।

जांच करते उपायुक्त

उपायुक्त ने नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सांडी भरेचनगर तथा गोला प्रखंड के चाड़ी पंचायत में लगे शिविरों का निरीक्षण करते हुए वहां संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर शीघ्र निष्पादित किया जाए तथा आवेदकों को प्रगति की जानकारी भी दी जाए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों ने जलापूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

उपायुक्त ने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करने की आवश्यकता है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने, जल स्रोतों की स्थिति का आकलन करने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अजमल हुसैन सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।