बोकारो में गवाई नदी पुल पर गैस टैंकर पलटा, आग लगने से मची अफरा-तफरी

Spread the love

बोकारो (झारखंड)  : बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र स्थित गवाई नदी पुल पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एनएच-32 पर गुजर रहा 16 चक्का गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पुल के बीच पलट गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। आग की लपटें उठते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही पिंड्राजोरा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एनएच-32 पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी। पुल के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों को दूर रहने की हिदायत दी गयी। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गयी, क्योंकि टैंकर में विस्फोट होने की आशंका बनी हुई थी। लोगों का कहना था कि यदि बड़ा विस्फोट होता तो पुल और आसपास के रिहायशी इलाके भी प्रभावित हो सकते थे।

चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि एक ऑटो को बचाने के प्रयास में टैंकर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन पलट गया और उसमें आग लग गयी। उन्होंने कहा कि घटना में किसी की मौत की सूचना नहीं है, हालांकि चालक झुलस गया है और उसे इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल भेजा गया है।

 दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने में जुटी रही और प्रशासन ने टैंकर हटाये जाने तक मार्ग बंद रखने की बात कही है।