रामगढ़ (झारखंड) : शहर के पुराना बस पड़ाव क्षेत्र में शनिवार को चेन स्नैचिंग की घटना से लोगों में दहशत फैल गई। दवा लेकर घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
पीड़िता अंजू देवी, जो पुराना बस पड़ाव रोड स्थित वाटिका स्वीट्स के समीप रहती हैं, ने इस संबंध में शनिवार को रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह दवा खरीदने के लिए घर से निकली थीं। मेडिकल स्टोर से लौटते समय जैसे ही वह पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं, बस स्टैंड की दिशा से आए दो युवक बाइक पर उनके पास पहुंचे।
कुछ समझने से पहले ही पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से लोहार टोला की ओर भाग निकले।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पीड़िता के अनुसार छीनी गई चेन का वजन लगभग 11 ग्राम था।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।