रामगढ़ में बढ़ी आपराधिक घटनाएं, बैंक पार्किंग से बाइक चोरी और एटीएम कार्ड बदलकर 50 हजार की ठगी

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  : जिले में चोरी और साइबर ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामलों में एक ओर एसबीआई मुख्य शाखा की पार्किंग से एटीएम गार्ड की बाइक चोरी हो गई, वहीं दूसरी ओर एटीएम कार्ड बदलकर एक खाताधारक के खाते से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली गई। दोनों मामलों में रामगढ़ थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसबीआई मुख्य शाखा की पार्किंग से बाइक चोरी

सिरका मुंडा पट्टी निवासी अनिल सागर ने रामगढ़ थाना में आवेदन देकर बताया कि वह भारतीय स्टेट बैंक रामगढ़ मुख्य शाखा में एटीएम गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपनी बाइक संख्या JH01DT-0525 बैंक परिसर की पार्किंग में खड़ी की थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वह बाहर निकले तो बाइक गायब मिली।

घटना की जांच के दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक बाइक ले जाते हुए दिखाई दिए हैं। काफी खोजबीन के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़ित ने थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

एटीएम कार्ड बदलकर उड़ाए 50 हजार रुपये

दूसरी घटना बाजार टांड़ गोला रोड स्थित एटीएम की है, जहां साइबर अपराधियों ने कोयरी टोला निवासी महेश प्रसाद कुशवाहा को ठगी का शिकार बना लिया। पीड़ित के अनुसार 20 मई को वह एटीएम से पैसे निकालने गए थे। इसी दौरान चार-पांच युवक वहां पहुंचे और खुद को साइबर क्राइम टीम का सदस्य बताते हुए उनसे बातचीत करने लगे।

कुछ देर बाद उनका एटीएम कार्ड गायब हो गया और खाते से 50 हजार रुपये की निकासी कर ली गई। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात कही जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।