सीसीएल ‘विद्या सारथी’ योजना शुरू, 400 विद्यार्थियों को मिलेगी मुफ्त JEE-NEET कोचिंग

Spread the love

रांची, झारखंड  : आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के उद्देश्य से सीसीएल ने “सीसीएल विद्या सारथी” योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को निःशुल्क JEE एवं NEET की तैयारी कराई जाएगी।

सीसीएल ने इस योजना के संचालन के लिए नेशनल कंप्यूटर साक्षरता मिशन के साथ एमओयू किया है। कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अधिकतम 400 विद्यार्थियों का चयन पारदर्शी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

इन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

प्रवेश परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम हो तथा जिनका निवास किसी भी सीसीएल प्रतिष्ठान, खदान या इकाई से 25 किलोमीटर की परिधि के भीतर हो। योजना का लाभ सीसीएल कमांड क्षेत्र के आसपास स्थित विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा।

10 डीएवी स्कूलों में बनेंगे अध्ययन केंद्र

योजना के तहत सीसीएल कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे, जहां अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को दो वर्षों तक व्यवस्थित रूप से JEE और NEET की तैयारी कराई जाएगी।

विद्यार्थियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, स्मार्ट क्लासरूम शिक्षण सुविधा, अध्ययन सामग्री, पुस्तकें, नियमित मॉक टेस्ट, प्रदर्शन मूल्यांकन और विशेष सुधारात्मक कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।

सीसीएल की ओर से विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी सामग्री और अन्य आवश्यक अध्ययन किट भी निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। एमओयू के अवसर पर कंपनी के निदेशक (मानव संसाधन) हर्षनाथ मिश्र भी उपस्थित थे।