कतरास (धनबाद), झारखंड :धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच देर रात हिंसक झड़प हो गई। छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के समीप बुधवार रात करीब एक बजे हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के तीन लोगों को गोली लगने की सूचना है।
घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ और नीतीश कुमार यादव शामिल हैं। तौसिफ के कंधे में गोली लगने के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुर्गापुर रेफर कर दिया। वहीं नीतीश कुमार यादव के पैर में गोली लगी है। एक अन्य घायल का स्थानीय क्लिनिक में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने कैलूडीह मस्जिद भवन के पास अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दूसरे गुट की ओर से भी जवाबी गोलीबारी की गई। देर रात हुई अंधाधुंध फायरिंग से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कोयला कारोबार में वर्चस्व को लेकर विवाद की आशंका है। मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।