रामगढ़ पुलिस का नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, छात्रों और आमजनों को किया जागरूक

Spread the love

रामगढ़, झारखंड :  पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों द्वारा नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न कोचिंग सेंटरों, चौक-चौराहों, बाजारों, हाटों तथा सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने आम जनता, युवाओं एवं छात्रों को नशा सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

अभियान के दौरान छात्रों एवं आमजनों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन न करें तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।

रामगढ़ पुलिस द्वारा लोगों को यह भी संदेश दिया गया कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा सेवन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर चलाया जाएगा, जिससे युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोका जा सके और एक स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण हो सके।