झारखंड दौरे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संगठन को धार देने की तैयारी

Spread the love

रांची, झारखंड : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर शुक्रवार को झारखंड पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा है, जिसे पार्टी संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

रांची पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले धरती आबा बिरसा मुंडा, भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद वे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। प्रदेश कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।

सांसदों-विधायकों संग होगी अहम बैठक

अपने दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी के सांसदों और विधायकों के साथ विशेष बैठक करेंगे। बैठक में संगठन विस्तार, राजनीतिक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा वे प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों के साथ भी बैठक कर संगठनात्मक विषयों की समीक्षा करेंगे और आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

प्रबुद्धजन संवाद में रखेंगे संगठन का विजन

दौरे के अंतिम कार्यक्रम के तहत नितिन नवीन रांची के कार्निवल बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान वे विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, उद्योग जगत से जुड़े लोगों और सामाजिक प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा झारखंड में संगठनात्मक मजबूती, कार्यकर्ताओं में उत्साह और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व इसे आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार की दृष्टि से अहम अवसर के रूप में देख रहा है।