उपायुक्त ऋतुराज के नेतृत्व में एक लाख वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ, जनभागीदारी का आह्वान
रामगढ़, झारखंड : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिले में हरियाली बढ़ाने की दिशा में बड़े अभियान की शुरुआत की गई। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके तहत पहले ही दिन लगभग 8000 पौधे लगाए गए।
पर्यावरण संरक्षण और हरित रामगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत आगामी दिनों में एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने सभी विभागों, कार्यालय प्रधानों एवं संबंधित अधिकारियों को समन्वित एवं योजनाबद्ध तरीके से अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है।
सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, निजी संस्थानों और कारखानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उपायुक्त ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण मिल सके।
विभिन्न विभागों ने निभाई अहम भूमिका
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने उल्लेखनीय योगदान दिया।
-
ग्रामीण विकास विभाग द्वारा – 501 पौधे
-
नमामि गंगे योजना के तहत – 60 पौधे
-
खनन विभाग के समन्वय से कोल प्रक्षेत्रों में – लगभग 5000 पौधे
-
जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यालय परिसरों में – 100 पौधे
-
स्वास्थ्य विभाग द्वारा – 100 पौधे
-
समाज कल्याण विभाग द्वारा – लगभग 930 पौधे
-
जेएसएलपीएस द्वारा – 543 पौधे
-
पंचायती राज विभाग द्वारा – 686 पौधे