रामगढ़ में 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज़, छह प्रखंडों की टीमें मैदान में उतरीं

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड शिक्षा परियोजना, रामगढ़ की ओर से छावनी मैदान में दो दिवसीय 65वीं जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के छह प्रखंडों से आई स्कूली टीमों ने भाग लिया और पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

प्रतियोगिता का उद्घाटन रामगढ़ विधायक ममता देवी, मांडू विधायक निर्मल महतो (तिवारी महतो), बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी तथा सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया और फुटबॉल पर किक लगाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई।

पहले मुकाबले में अंडर-17 बालक वर्ग में मांडू और पतरातु प्रखंड की टीमें आमने-सामने रहीं। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद निर्णय टाईब्रेकर से हुआ, जिसमें मांडू ने 5-4 से जीत दर्ज की। वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में भी मांडू की टीम ने 2-1 से जीत हासिल कर विजयी शुरुआत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ममता देवी ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं, जिससे वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं।

मांडू विधायक निर्मल महतो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा ताकि वे खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।

बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। वहीं सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी, दुलमी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश, विधायक प्रतिनिधि कमलेश कुमार महतो, रामगढ़ फुटबॉल संघ के सचिव मो. मुस्तफा आजाद, एपीओ कुमार राज, बीईईओ सुलोचना कुमारी, बीपीओ श्याम सुंदर महतो, मिथुन कुमार सागर, सुमित्रा कुमारी, अनिल मुंडा, संजू गुप्ता सहित जिले के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।