पतरातू (रामगढ़), झारखंड : पतरातू डैम में रविवार को घूमने आए चार दोस्तों की यात्रा दुखद हादसे में बदल गई। डैम में नहाने के दौरान 22 वर्षीय छात्र अश्विनी कुमार गहरे पानी में डूब गया, जबकि नाविकों की तत्परता से दो अन्य युवकों की जान बचा ली गई। मृतक गिरिडीह का निवासी था और रांची में रहकर पढ़ाई करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अश्विनी कुमार अपने मित्र संदीप कुमार, शहबाज और आदिति के साथ रांची के कांटा टोली क्षेत्र से पतरातू डैम घूमने आया था। चारों कटूआ कोचा स्थित नाव घाट पहुंचे और डैम में नहाने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान कुछ युवक अचानक गहरे हिस्से में चले गए और डूबने लगे।
घटना देखते ही वहां मौजूद नाविकों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अश्विनी कुमार पानी में लापता हो गया। इसके बाद नाविकों ने लगातार तलाश जारी रखी और लगभग 20 मिनट बाद उसे पानी से बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को प्रखंड चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है और आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस दौरान नाविकों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बचाव अभियान में तारीक अंसारी, नौशाद अंसारी, नाजीर खान, निसार अंसारी, सुल्तान आलम, मुनाजिर खान, आजम अंसारी, आलम अंसारी, परवेज आलम, राजा खान, अबरार आलम, जाकिर अंसारी और साजिद अंसारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। उनकी त्वरित कार्रवाई से दो युवकों की जान बच सकी।