रजरप्पा के सिकनी गांव में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध विदेशी शराब और बीयर जब्त, एक गिरफ्तार

Spread the love

रजरप्पा (रामगढ़), झारखंड  : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रजरप्पा थाना क्षेत्र के सिकनी गांव में छापेमारी कर 10.850 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 7.80 लीटर अवैध बीयर जब्त की। इस दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सिकनी गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रखी गई विदेशी शराब और बीयर बरामद कर जब्त कर ली गई।

उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल उत्पाद विभाग अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।