रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने गुरुवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर परिसदन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने की, जबकि समिति के सदस्य चंद्रदेव महतो भी मौजूद रहे।
बैठक में अनुकंपा के आधार पर लंबित नियुक्तियों, पेंशन संबंधी मामलों के निष्पादन, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति तथा लाभार्थियों तक उनकी पहुंच की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति के सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी विभाग अद्यतन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं।
बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति, भवन निर्माण, पथ निर्माण, खनन, शहरी एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, कल्याण, कृषि, शिक्षा, निबंधन विभाग तथा जिला योजना सहित अन्य विभाग शामिल रहे। सभी विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति, चुनौतियों और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।
सभापति रामचंद्र सिंह ने कहा कि सदाचार समिति का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसामान्य की समस्याओं के समाधान और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरीय अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।