कोयला वाहनों की सुरक्षित आवाजाही पर जोर : कुजू में चालकों और ट्रांसपोर्टर्स को सड़क सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण

Spread the love

कुजू, (रामगढ़) झारखंड : सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को CCL कुजू के कॉन्फ्रेंस हॉल में कोयला ढुलाई से जुड़े वाहन चालकों एवं ट्रांसपोर्टर्स के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देशानुसार जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में TATA TISCO, घाटो की प्रशिक्षण टीम ने चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक तकनीकों और व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से जिम्मेदार एवं सुरक्षित ड्राइविंग के तरीकों से भी अवगत कराया गया।

विशेषज्ञों ने वाहन चालकों को तेज गति से वाहन नहीं चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा वाहन की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच कराने की सलाह दी। साथ ही यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि कोयला परिवहन जैसे भारी वाहनों के संचालन में चालक की सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी सड़क सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सभी चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग की आदत अपनाने की अपील की गई।

कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक, रामगढ़, TATA TISCO, घाटो की प्रशिक्षण टीम तथा CCL कुजू के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।