धनबाद (झारखंड) :धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र स्थित बीसीसीएल की ए-टाइप कॉलोनी में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में बिजली के करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय शोभा सिन्हा और 40 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शोभा सिन्हा करीब चार महीने बाद अपनी बेटी के घर से लौटकर पुटकी स्थित अपने आवास पहुंची थीं। घर की साफ-सफाई के दौरान वह अपनी घरेलू सहायिका शांति देवी के साथ बाथरूम में थीं। इसी दौरान बाथरूम में अचानक करंट फैल गया और दोनों उसकी चपेट में आ गईं। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला बिजली का करंट लगने से हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाथरूम में करंट कैसे फैला और क्या बिजली व्यवस्था में किसी प्रकार की तकनीकी खामी या लापरवाही थी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।