रामगढ़ (झारखंड) : जिले में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए पशुपालन विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक जिले के विभिन्न प्रखंडों में 18,070 पशुओं का सफलतापूर्वक एफएमडी टीकाकरण किया जा चुका है।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को उपायुक्त श्री ऋतुराज के आवास परिसर में भी एफएमडी टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पशुपालन विभाग की टीम ने पशुओं को खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए टीके लगाए तथा पशुपालकों को इस बीमारी की रोकथाम और टीकाकरण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने कहा कि खुरपका-मुंहपका पशुओं में तेजी से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जिससे पशुओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ पशुपालकों की आजीविका और आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
उपायुक्त ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का एफएमडी टीकाकरण अवश्य कराएं और अपने क्षेत्र में संचालित टीकाकरण अभियान में पशुपालन विभाग की टीम का सहयोग करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पशुओं तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जाए।
जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने भी सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं को समय पर एफएमडी का टीका लगवाकर उन्हें इस गंभीर संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखें।