रामगढ़ (झारखंड) : जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सीसीएल अरगड़ा के कॉन्फ्रेंस हॉल में कोयला ढुलाई एवं परिवहन कार्य से जुड़े वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टर्स के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में टाटा टिस्को, घाटो की विशेषज्ञ टीम ने चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और दुर्घटना रोकथाम के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग तकनीक, निर्धारित गति सीमा का पालन, सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय सतर्कता तथा अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि लापरवाही, तेज रफ्तार, मोबाइल फोन का उपयोग और नशे की हालत में वाहन चलाना गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। ऐसे में सभी चालकों को यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करना चाहिए और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टर्स से अपील की गई कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को व्यवहार में लागू करें और दुर्घटना मुक्त एवं सुरक्षित परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग दें।
कार्यक्रम में मोटरयान निरीक्षक, रामगढ़, टाटा टिस्को, घाटो की प्रशिक्षण टीम तथा सीसीएल अरगड़ा के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।