रामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता : 7 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

बरामद  मोटर सायकिल 

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ पुलिस ने वाहन चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बरामद सभी वाहनों को जब्त कर लिया है तथा आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उक्त जानकारी मंगलवार को एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर दिया।

पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं लंबित मामलों के उद्भेदन के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस ने मो. नज़रूल अंसारी (पिता– मो. अब्बास अंसारी) तथा मो. निसार अंसारी (पिता– स्व. अहमद अंसारी), दोनों निवासी बड़ी कुंदरूकला, थाना एवं जिला रामगढ़, को दो संदिग्ध मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने मोटरसाइकिलों के चोरी का होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी की पांच अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं।

जांच के दौरान पुलिस ने इस मामले में रंजीत महतो (32 वर्ष), पिता– शंभू महतो, निवासी कुंदरूकला, थाना एवं जिला रामगढ़, को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध रामगढ़ थाना कांड संख्या 194/2026 दिनांक 21 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

बरामद वाहन

पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें बिना नंबर की पैशन प्रो, पल्सर, हीरो पैशन प्रो सहित होंडा शाइन और अन्य बाइक शामिल हैं। कुछ वाहनों के इंजन एवं चेसिस नंबर घिसे हुए पाए गए, जिससे उनकी पहचान छिपाने का प्रयास किया गया था।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मो. नज़रूल अंसारी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध रामगढ़, कुजू, चरही तथा बोकारो के विभिन्न थानों में वाहन चोरी एवं धोखाधड़ी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मो. अकरम रजा ने किया। टीम में रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय, पुलिस निरीक्षक रजत कुमार, कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष सिंह, पुलिस पदाधिकारी ओमकार पाल, सुमंत कुमार राय, मनीष कुमार सिंह, रौशन कुमार सहित रामगढ़ थाना एवं रिजर्व गार्ड के कई पुलिसकर्मी शामिल थे।