बीएफसीएल में ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ के तहत 132 अधिकारियों-कर्मचारियों का सामूहिक जन्मदिन समारोह आयोजित

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), रामगढ़ में बुधवार को ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ एवं ‘वन सेलिब्रेशन, मेनी स्माइल्स’ थीम के तहत जुलाई माह में जन्मदिन मनाने वाले 132 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में भव्य सामूहिक जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान का सम्मान करना, टीम भावना को मजबूत करना और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।

समारोह में जीएफए, एचएसपीए हेड ऑफिस तथा एमडीएच ऑफिस, रांची के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी भाग लिया। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एक साथ मिलकर इस विशेष अवसर को उत्साह और उल्लास के साथ मनाया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागाध्यक्षों की गरिमामयी उपस्थिति रही। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी से कर्मचारियों का उत्साह बढ़ा। आयोजन एचएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन एवं मुख्य कार्यालय परिसर में किया गया, जहां जन्मदिन मनाने वाले सभी कर्मचारियों का सामूहिक रूप से सम्मान किया गया।

इस अवसर पर केक काटा गया, जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं तथा सभी कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ बधाई दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, मेहनत और समर्पण ही कंपनी की निरंतर प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि संगठन में आपसी सहयोग, विश्वास और पारिवारिक वातावरण को भी मजबूत करते हैं।

बीएफसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी अपने प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का अभिन्न सदस्य मानती है और उनकी खुशियों को अपनी सफलता का महत्वपूर्ण हिस्सा समझती है। अंत में प्रबंधन ने जुलाई माह में जन्मदिन मनाने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।