रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज ने बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकाकाना का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं तथा मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए, जबकि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की संख्या भी अपेक्षाकृत कम मिली।
निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर उपायुक्त ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित चिकित्सक, एएनएम सहित अन्य जिम्मेदार कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में समय पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बरकाकाना के प्रभावी संचालन के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना में मरीजों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक दवाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए ठोस उपाय शामिल किए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। जहां भी स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या अनियमितता पाई जाएगी, वहां संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्री रविंद्र कुमार गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।