बड़कागांव घाटी में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़, एक अपराधी घायल, कई फरार

Spread the love

बड़कागांव (हजारीबाग), झारखंड : हजारीबाग जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार तड़के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए। घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब चार बजे बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास पुलिस टीम जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस का सामना संदिग्ध अपराधियों से हो गया। पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने पहले फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया, जबकि अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

बताया गया कि पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना के आधार पर जिले के संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर विशेष अभियान शुरू किया गया था।

मुठभेड़ के दौरान बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने पुलिस टीम का नेतृत्व किया। अभियान में इंस्पेक्टर शहीद रजा, अमित कुमार और अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

पुलिस का मानना है कि हाल ही में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से गैंग की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इस मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सुबह घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।