श्रावण की पहली सौम्य सुबह में बाबा बैद्यनाथ धाम भक्तिमय, जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की विशाल भीड़

Spread the love

देवघर (झारखंड) : राजकीय श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही गुरुवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सावन के पहले दिन अहले सुबह से ही लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर में लग गईं। “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा देवघर शहर शिवमय हो उठा।

मंदिर की परंपरा के अनुरूप प्रातः 3:05 बजे बाबा बैद्यनाथ मंदिर के कपाट खोले गए। इसके बाद गर्भगृह में रात्रिकालीन पूजन सामग्री को हटाकर विधि-विधान से कच्चा जल अर्पित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंदिर के महंत श्रीश्री सरदार पांडा गुलाबनंद ओझा ने बाबा भोलेनाथ का विशेष पूजन संपन्न कराया। पूजा के दौरान दूध, दही, पुष्प, वस्त्र एवं अन्य पूजन सामग्री से बाबा का श्रृंगार कर विशेष भोग अर्पित किया गया।

विशेष पूजा के उपरांत सुबह 4:05 बजे से आम श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। इसके बाद लगातार श्रद्धालु बाबा के दरबार में पहुंचकर जल, बेलपत्र और पूजन सामग्री अर्पित करते रहे। पूरे दिन मंदिर परिसर शिवभक्ति के रंग में डूबा रहा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष कूपनधारी और सामान्य कतारों के लिए अलग-अलग मार्ग की व्यवस्था की गई है। नव निर्मित ओवरब्रिज के संचालन से भीड़ प्रबंधन में काफी सहूलियत मिली, जिससे जलार्पण की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और तेज रही। सुबह के समय श्रद्धालुओं की कतार तिवारी चौक तक पहुंची, जबकि पूर्वाह्न तक यह लाइन संस्कार मंडप क्षेत्र तक फैल गई।

श्रावणी मेले के पहले दिन सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह चौकस रही। मंदिर परिसर, प्रवेश मार्गों और मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की गई, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा के दर्शन एवं जलाभिषेक का अवसर मिल सके।

श्रद्धा, आस्था और उत्साह से सराबोर पहले दिन बाबा बैद्यनाथ धाम में भक्तों का सैलाब यह संकेत दे गया कि पूरे श्रावणी मेले के दौरान देवघर में लाखों शिवभक्तों की भीड़ उमड़ने की संभावना है।