फुटबॉल ग्राउंड से सुभाष चौक तक निकाला गया विरोध मार्च, मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की भी मांग
रामगढ़ (झारखंड) :14वीं जेपीएससी परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रामगढ़ कैंट मंडल ने शुक्रवार को मशाल जुलूस निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने युवाओं के हितों की रक्षा करने और परीक्षा को रद्द कर निष्पक्ष तरीके से दोबारा आयोजित कराने की मांग की।
भाजपा रामगढ़ कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में निकाला गया मशाल जुलूस फुटबॉल ग्राउंड से शुरू होकर सुभाष चौक तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता प्रभावित हुई है और इससे लाखों युवाओं का भविष्य दांव पर लग गया है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के हित में 14वीं जेपीएससी परीक्षा को तत्काल रद्द कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पुनः परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।
भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो शिक्षा विभाग का भी प्रभार संभाल रहे हैं, से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की।
मशाल जुलूस में सांसद प्रतिनिधि (रामगढ़ कैंट) सरदार अनमोल सिंह, पूर्व जिला उपाध्यक्ष छोटन सिंह, महेंद्र प्रजापति, राजेश ठाकुर, महिला जिला अध्यक्ष शीतल सिंह, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी शशि शेखर सिंह, मंडल उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल, महामंत्री सौरभ जायसवाल, मंत्री निशा सिन्हा, आकाश गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी सुदीप मिश्रा, दिनेश सिंह, रोशन जायसवाल, तरुण साव, नीतीश कुमार, संजय अग्रवाल, नीरज सिंह, मनोज सिंह, संजय श्रीवास्तव, बैजनाथ सिंह, मणि शंकर ठाकुर, महेश चौधरी, अरविंद सिंह, सूरज पासवान, अंशु पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।