कैंट जनरल अस्पताल में छह दिवसीय निःशुल्क ब्लड टेस्ट शिविर का समापन, वरिष्ठ नागरिकों को किया गया सम्मानित

Spread the love

छावनी परिषद के सीईओ विवेक कुमार सिंह ने अंतिम दिन लाभार्थियों को भेंट की बरसाती छतरी, स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की

रामगढ़ (झारखंड) : छावनी परिषद रामगढ़ के कैंट जनरल अस्पताल में आयोजित छह दिवसीय वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क ब्लड टेस्ट शिविर का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन अवसर पर शिविर के अंतिम दिन जांच कराने पहुंचे दो वरिष्ठ नागरिकों को छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी (CEO) विवेक कुमार सिंह ने बरसाती छतरी भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर सीईओ विवेक कुमार सिंह ने शिविर के सफल आयोजन पर अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए उनके समर्पित कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर उपचार सुनिश्चित करना अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज के लिए उपयोगी पहल हैं।

उन्होंने शिविर के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने पर बल दिया।

समापन कार्यक्रम में डॉ. पंकज बनर्जी, अमरजीत भारती, रीता सिस्टर, ए.के. जैन, एस. मौर्य, सुनील कुमार, विशाल कुमार, सुमन सिस्टर, कुरदुला सिस्टर तथा प्रमोद कुमार सहित अस्पताल के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।