ड्यूटी पर जा रहे आईसीएच कैंटीन कर्मी की मौके पर मौत, पतरातू में भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण की उठी मांग
दुर्घटना में मारे गये युवक की फाइल फोटो
रामगढ़ (झारखंड) :पतरातू थाना क्षेत्र स्थित पीवीयूएनएल अस्पताल के समीप शुक्रवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पीवीयूएनएल के आईसीएच कैंटीन में कार्यरत एक युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा की चपेट में आने से युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान गयाछूरा निवासी युवक के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ओडिशा के टिकलागढ़ का रहने वाला था। वह पीवीयूएनएल के आईसीएच कैंटीन में कार्यरत था और शुक्रवार सुबह अपनी ड्यूटी पर जा रहा था। इसी दौरान पीवीयूएनएल अस्पताल के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक बिना रुके वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक का भाई घटनास्थल पर पहुंचा। वहीं पतरातू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात हाईवा और उसके चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि पतरातू क्षेत्र में प्रतिदिन भारी वाहन तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण, नियमित जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।